Belief in Karma : The path of hard work is what leads to success.

Belief in Karma : The path of hard work is what leads to success.

30 सितंबर, 2026 · 12:09 PM · 10 बार पढ़ा गया

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में इंसान हर चीज का परिणाम तुरंत चाहता है। सोशल मीडिया के दौर में एक पोस्ट डालते ही लाइक और कमेंट की उम्मीद होती है, मेहनत शुरू करते ही सफलता की चाह होती है और करियर की शुरुआत में ही पहचान बनाने की बेचैनी दिखाई देती है। लेकिन जीवन का सच यह है कि हर अच्छी चीज को समय लगता है।
भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म का महत्व समझाते हुए कहा था कि मनुष्य का अधिकार अपने कर्म पर है, उसके परिणाम पर नहीं। यह संदेश आध्यात्मिक ज्ञान के साथ जीवन जीने की एक गहरी सीख है। आज के समय में जब लोग सफलता के दबाव, तुलना और जल्द परिणाम पाने की दौड़ में उलझे हुए हैं, तब यह विचार पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।
हम अक्सर अपनी मेहनत का मूल्य तुरंत मिलने वाले परिणामों से तय करने लगते हैं। अगर सफलता जल्दी नहीं मिलती तो निराश हो जाते हैं, खुद पर संदेह करने लगते हैं और कई बार अपने प्रयासों को बीच रास्ते में ही छोड़ देते हैं। जबकि प्रकृति हमें सिखाती है कि हर प्रक्रिया का अपना समय होता है। जिस तरह एक बीज को पेड़ बनने में धैर्य, देखभाल और समय लगता है, उसी तरह किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास और विश्वास की जरूरत होती है।
सफलता मंजिल तक पहुंचने का नाम ही नहीं है, अपितु उस यात्रा में खुद को बेहतर बनाने का नाम भी है। जो व्यक्ति अपने कर्म को ईमानदारी, लगन और सकारात्मक सोच के साथ करता है, वह धीरे-धीरे अपनी क्षमता को बढ़ाता है। हो सकता है कि उसके प्रयासों का परिणाम तुरंत दिखाई न दे, लेकिन हर छोटा कदम उसे अपने लक्ष्य के करीब जरूर ले जाता है।
आज जरूरत इस बात की है कि हम परिणाम की चिंता में अपने वर्तमान कर्म को कमजोर न करें। मेहनत करना हमारे हाथ में है, सीखना हमारे हाथ में है, अपने प्रयासों को बेहतर बनाना हमारे हाथ में है। लेकिन कब और किस रूप में सफलता मिलेगी, यह समय और परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
इसका अर्थ यह नहीं कि हमें सफलता की इच्छा छोड़ देनी चाहिए। लक्ष्य बनाना और उसे पाने के लिए मेहनत करना बेहद जरूरी है। फर्क सिर्फ इतना है कि सफलता की चाह में अपने कर्म की गुणवत्ता से समझौता नहीं करना चाहिए।
जीवन में आगे बढ़ने के लिए धैर्य, विश्वास और निरंतर प्रयास सबसे बड़े साथी हैं। इसलिए अपने कर्मों को मजबूत बनाइए, अपने प्रयासों पर भरोसा रखिए और परिणाम को सही समय पर आने दीजिए। क्योंकि जो व्यक्ति कर्म के रास्ते पर लगातार चलता रहता है, उसके लिए सफलता की राह एक दिन जरूर खुलती है।

डॉ. नीरज गजेंद्र
लेखक
डॉ. नीरज गजेंद्र
फाउंडर
शेयर करें W 𝕏 f
← सभी लेख देखें