Kaushambi firecracker factory blast, 8 की मौत, 20 की हालत नाजुक, मलबे से निकाले गए 22 लोग
Kaushambi firecracker factory blast में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग झुलस गए। धमाकों से आसपास के कई मकान ढह गए। राहत टीमों ने मलबे से 22 लोगों को सुरक्षित निकाला। घायलों को प्रयागराज के SRN मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रशासन हादसे के कारण और फैक्ट्री के लाइसेंस व सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है।
क
कीर्तिमान न्यूज
31 Aug 2026, 03:23 PM
उत्तर प्रदेश
Kaushambi firecracker factory blast: पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनौरी बाजार में रविवार दोपहर अचानक चीख-पुकार और धुएं का गुबार उठने लगा। यहां चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में दोपहर करीब 12 बजे एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए। इस खौफनाक हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। राहत और बचाव टीम ने मशक्कत के बाद मलबे में दबे 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना भयानक था कि उसकी गूंज से पूरा इलाका दहल उठा।
मच गई चारों तरफ अफरा-तफरी
लगभग एक घंटे तक रह-रहकर धमाके होते रहे। हादसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पटाखा फैक्ट्री के आसपास बने कई मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए और जमींदोज हो गए। विस्फोट के बाद बाजार में भगदड़ मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मलबे में दबे लोगों को निकालते घंटों मशक्कत के बाद मलबे से निकले लोग
घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, झुलसे हुए कई लोगों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को निकाला।
घटना के बाद लोगों का दिखा गुस्सा
फिलहाल प्रशासन मामले की तहकीकात में जुट गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या घनी आबादी वाले मनौरी बाजार के पास चल रही इस पटाखा फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था? सुरक्षा नियमों में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई, इसकी गहन जांच की जा रही है। उधर, इस भीषण त्रासदी के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है।