छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से स्कूल वैन की लापरवाही का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र में बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल वैन से एक मासूम बच्चा अचानक सड़क पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि वैन के पीछे उस समय कोई बड़ा वाहन नहीं था, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
बच्चे को उतारने के बाद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए निकली थी। नंदिनी रोड पर एक बच्चे को उतारने के बाद जैसे ही वैन आगे बढ़ी, पीछे बैठा एक अन्य मासूम संतुलन खो बैठा और चलती वैन से सीधे सड़क पर गिर गया। बच्चे के सड़क पर गिरते ही आसपास मौजूद दुकानदारों ने जोर-जोर से आवाज लगाकर वैन चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। इसके बाद पीछे चल रहे कुछ बाइक सवारों ने तुरंत वैन का पीछा किया और चालक को रोककर घटना की जानकारी दी। मौके पर मौजूद एक महिला ने घायल बच्चे को संभाला और उसे दोबारा स्कूल वैन में बैठाकर आगे रवाना किया।वैन में नहीं था कोई सहायक, सुरक्षा पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल वैन में चालक के अलावा कोई कंडक्टर या सहायक मौजूद नहीं था। ऐसे में बच्चों की निगरानी करने वाला कोई नहीं था। यही वजह रही कि बच्चा चलती वैन से गिर गया और चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल वैनों की सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की निगरानी और परिवहन संबंधी नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।