Bhilai Steel Plant Theft: भिलाई स्टील प्लांट के भीतर घुसकर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश कर रहे पांच लोगों को सीआईएसएफ जवानों ने पकड़ लिया। आरोपी करीब 100 किलो कॉपर केबल को कार में लोड कर प्लांट से बाहर ले जाने की तैयारी में थे। घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 3 सितंबर की बताई जा रही है। भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ इकाई की ओर से भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोग प्लांट परिसर में दाखिल होकर स्क्रैब कॉपर केबल को चोरी कर कार के जरिए बाहर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सीआईएसएफ की नजर आरोपियों पर पड़ गई और उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में सामने आई आरोपियों की भूमिका
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, प्रेम बंजारे, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर और प्रीतम कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पांचों की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर प्लांट से स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर उसे कार से बाहर ले जाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की है। बरामद केबल की कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपए है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुल 80 हजार रुपए की सामग्री जब्त की गई है।
कार में केबल लोड कर रहे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्लांट परिसर में प्रवेश करने के बाद स्क्रैब कॉपर केबल को एक जगह एकत्र कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने केबल को कार में लोड करना शुरू किया। उनका मकसद चोरी के माल को प्लांट से बाहर ले जाना था, लेकिन इससे पहले ही सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को 4 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। उनकी तलाश की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में हरीश बाग (24), दीपक ठाकुर (24), प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू (25), अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा (20) और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू (31) शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है, और चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किए हैं। मामले में कुल 80 हजार रुपए की जब्ती की गई है।