Chhattisgarh Police: आरक्षक से लेकर निरीक्षक (इंस्पेक्टर) स्तर तक के करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों की जेब पर जल्द ही बड़ा असर पड़ सकता है। राज्य के जवानों को हर महीने 5,000 रुपये का 'विशेष रिस्पांस अलाउंस' देने की तैयारी तो है, लेकिन इस पर अंतिम मुहर लगना बाकी है। पुलिसकर्मियों के वेतन और भत्तों की समीक्षा के लिए बनी कमेटी ने इस नए भत्ते की सिफारिश की है, पर फाइल फिलहाल पुलिस मुख्यालय (PHQ) की टेबल पर अटकी हुई है। कमेटी ने पुलिस विभाग में सालों से चली आ रही भत्तों की उलझन को सुलझाने का एक नया तरीका निकाला है।
एकमुश्त मिलेगा विशेष रिस्पांस अलाउंस
प्रस्ताव यह है कि फिलहाल मिल रहे 8 अलग-अलग भत्तों में से 6 को पूरी तरह खत्म कर दिया जाए। इनकी जगह जवानों को एकमुश्त 'विशेष रिस्पांस अलाउंस' दिया जाए। इससे कागजी लिखापढ़ी कम होगी और जवानों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ दिखेगा। अब पुलिस महकमे के साथ-साथ कर्मचारी संगठनों की नजरें भी सरकार पर टिकी हैं। पुलिस संगठनों का साफ कहना है कि इसे बिना किसी देरी के तुरंत लागू किया जाना चाहिए।
सैलरी और अलाउंस का गहराई से अध्ययन
कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांग के पीछे वाजिब वजहें भी गिनाई हैं। उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों को मिलने वाले कई भत्ते सालों से रिवाइज ही नहीं हुए हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि बेहद कठिन और नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात जवानों को भी पुरानी दरों पर ही भुगतान हो रहा है, जो आज के समय के हिसाब से काफी कम है। समीक्षा समिति ने देश के अन्य राज्यों में पुलिस को मिलने वाली सैलरी और अलाउंस का गहराई से अध्ययन किया, जिसके बाद ही छत्तीसगढ़ के लिए यह नया ड्राफ्ट तैयार किया गया है।चार दौर की होगी मैराथन बैठक
बता दें कि पुलिसकर्मियों की माली हालत और भत्तों की समीक्षा के लिए 21 फरवरी 2025 को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कल्याण) की अगुवाई में एक कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी में पुलिस हेडक्वार्टर और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के आला अफसर शामिल थे। कमेटी ने जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय 25 फरवरी, 9 अप्रैल, 6 मई और 19 जून 2025 को कुल चार दौर की मैराथन बैठकें कीं।
अलाउंस जल्द मिलने की उम्मीद
पूरी जांच-परख के बाद ही यह सिफारिश तैयार की गई है। फिलहाल यह प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय की समीक्षा में फंसा है। राज्य के 70 हजार जवान अब बस इस उम्मीद में हैं कि फाइल आगे बढ़े, शासन से मंजूरी मिले और उनकी सैलरी में यह 5 हजार रुपये का रिस्पांस अलाउंस जल्द से जल्द जुड़कर आने लगे।

