डबल मर्डर : रायगढ़ में महिला और 10 माह की बच्ची की हत्या, सिर पर हमले के मिले निशान
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय महिला और उसकी 10 महीने की बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव खेत में बने बोर घर से बरामद हुए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर फॉरेंसिक जांच के साथ मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 40 वर्षीय बरत कुमारी के रूप में हुई है। उसके पति की करीब चार से पांच वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। पति की मौत के बाद उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह अलग-अलग स्थानों पर रहकर अपना गुजारा करती थी। करीब दस महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया था।
बच्ची के पिता के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। पिछले कुछ समय से वह अपनी बेटी के साथ प्रहलाद बेहरा के खेत में बने बोर घर में रह रही थी। बताया गया कि बुधवार को बरत कुमारी को सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था। गुरुवार सुबह गांव के ननकूराम जब वहां पहुंचे तो उन्होंने महिला को खून से लथपथ हालत में देखा।
महिला पर भारी वस्तु से वारमहिला और मासूम के सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
इसके बाद उन्होंने तुरंत उसके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। उसके सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे और काफी खून बह चुका था। वहीं पास में उसकी 10 महीने की बेटी परी मृत मिली। बच्ची के सिर पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को हत्या की आशंका है। परिजन घायल बरत कुमारी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पांच दिन पहले भी हुआ था डबल मर्डर
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायगढ़ जिले में यह कुछ दिनों के भीतर दूसरी बड़ी दोहरी हत्या की वारदात है। इससे पहले 15 जुलाई को धरमजयगढ़ क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक बुजुर्ग दंपती की हत्या कर उनके शवों को आग के हवाले कर दिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का कहना हैं- शुरूआती जांच में भारी वस्तु से वार कया जाना लग रहा है। महिला और उसकी बेटी की हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।