छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगल के अंदर मवेशी काटने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और 8 लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, एक संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मामला कापू थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पारेमेर डगभौना के जंगल में कुछ लोग मवेशी काट रहे थे।
ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मांस को आपस में बांटने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर 8 लोगों को पकड़ लिया।
मौके से मांस भी बरामद किया
इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों को पूछताछ के लिए कापू थाना लेकर पहुंची। कार्रवाई के दौरान मौके से मांस भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान अर्जुन तिर्की (25), विजय टोप्पो (26), अमसाय तिर्की (48), जोहन टोप्पो (50), विपिन किशोर एक्का (33), निर्मल तिग्गा (60), छोटेया किंडो (65) और प्रकाश बखला (41) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी ग्राम डगभौना के रहने वाले हैं।फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मरे हुए मवेशी को काट रहे थे। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। धरमजयगढ़ SDOP सुशांतो बनर्जी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम तलाश में जुटी है।