Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन में 5 मंजिला PG इमारत ढही, मौत का आंकड़ा बढ़कर 6 हुआ, मकान मालिक पर FIR दर्ज
Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत ढहने से मृतकों की संख्या 6 हो गई। हादसे के बाद FIR दर्ज कर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं, जबकि MCD ने अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
क
कीर्तिमान न्यूज
07 Sep 2026, 09:42 AM
नई दिल्ली
Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। लड़कों के एक पीजी (PG) की पांच मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। रविवार से शुरू हुआ राहत और बचाव कार्य सोमवार सुबह तक लगातार जारी रहा। मलबे में दबे कई लोगों को सुरक्षित निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद दिल्ली पुलिस और स्थानीय प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है।
मालिक की गिरफ्तारी की पुष्टि बाकी
पुलिस ने पीजी के मालिक हरिराम बंसल और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 290 और 125 के तहत FIR दर्ज कर ली है। हालांकि, मालिक की गिरफ्तारी को लेकर अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के सख्त निर्देश दिए हैं और साफ कहा है कि इस हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ढही पांच मंजिला PG इमारत का मलबाजांच के बाद हादसे की वजह होगी स्पष्ट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत में मरम्मत और निर्माण का काम चल रहा था। मुख्यमंत्री के अनुसार, बेसमेंट में चल रही खुदाई के दौरान एक मुख्य पिलर अचानक खिसक गया, जिससे पूरी इमारत संभल नहीं सकी और जमींदोज हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की असल वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
सभी अवैध निर्माणों को करेंगे सील
इस दर्दनाक घटना के बाद नगर निगम (MCD) भी हरकत में आ गया है। MCD ने पूरी दिल्ली में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करने का फैसला किया है। नए निर्देशों के मुताबिक, चार मंजिल से ज्यादा की इमारतों में किए गए सभी अवैध निर्माणों को तुरंत सील किया जाएगा। इसके साथ ही, जिन अधिकारियों की लापरवाही से यह निर्माण हुआ, उन पर भी गाज गिरना तय है।
अवैध PG इमारतों के निर्माण पर सवाल
सत्य निकेतन की इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में चल रहे अवैध PG और बहुमंजिला इमारतों के निर्माण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी सख्ती से अमल करता है या यह कार्रवाई केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती है।