Durg News: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने YouTube चैनल के जरिए सट्टा-मटका के अंकों का प्रचार-प्रसार करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर अपलोड करता था और उनके माध्यम से सट्टा कारोबार को बढ़ावा दे रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से संबंधित वीडियो तैयार कर YouTube पर अपलोड और सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
रवि चेलक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई में डुमरडीह निवासी रवि चेलक को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को YouTube के जरिए सट्टा संबंधी सामग्री प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली।पूछताछ में आरोपी ने बताई पूरी गतिविधि
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल/अकाउंट के माध्यम से “राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी” नामक सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर अपलोड और प्रसारित करता था। पुलिस अब इस गतिविधि से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
दो मोबाइल फोन और डिजिटल सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा सट्टा कारोबार से संबंधित डिजिटल सामग्री भी जब्त की गई है। जब्त मोबाइल और डिजिटल सामग्री की जांच के जरिए पुलिस आगे की जानकारी जुटा रही है।

