बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। जगदलपुर बस स्टैंड से एक युवक को 8.08 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में उसकी सप्लाई करने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का गांजा और नकदी बरामद की है। यह मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि जगदलपुर बस स्टैंड परिसर में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 28 जून को बस स्टैंड स्थित आम के पेड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान सुकड़ा धुरवा के रूप में बताई।
बैग से बरामद हुआ 8.08 किलो गांजा
वह ओडिशा के कोरापुट जिले के केंदुगुड़ा नदीपारा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद लाल और सफेद रंग के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से 8.08 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से 700 रुपए नकद भी मिले। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है। रायपुर में खपाने की थी योजना पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बेचने की योजना बना रहा था। हालांकि पूछताछ के दौरान वह गांजा रखने या उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने जब्त गांजा और नकदी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज किया।29 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।