रायगढ़ पुलिस ने एक विवाहित महिला के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आर्थिक शोषण के गंभीर मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी अनिल ईजारदार ने फेसबुक के माध्यम से संपर्क बढ़ाकर पहले विश्वास जीता और बाद में उसे शोषण के जाल में फंसा लिया।
पीड़िता के मुताबिक वर्ष 2019 में फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इसके बाद दिसंबर 2020 में आरोपी ने महिला को वाहन से छोड़ने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी निजी तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
ब्लैकमेल कर वर्षों तक चलता रहा शोषण
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार महिला को ब्लैकमेल किया। बदनामी के डर से पीड़िता लंबे समय तक दबाव में रही और इस दौरान आरोपी ने उससे लगातार आर्थिक लाभ भी उठाया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने विभिन्न माध्यमों से जेवरात और नकद मिलाकर लगभग 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की। इसके बाद भी वह और पैसों की मांग करता रहा और धमकियों के जरिए दबाव बनाता रहा। महिला की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में दुष्कर्म, धमकी और जबरन वसूली की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अभियान संवेदना के तहत विशेष कार्रवाई की गई।गांव में दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी में दबिश देकर आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
एसएसपी की अपील सोशल मीडिया पर सतर्क रहें
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती या पहचान का गलत फायदा उठाने वालों से सतर्क रहें। यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेल, धमकी या शोषण करे तो बिना डर के तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
