Garba News: नवरात्रि के दौरान दुर्ग जिले में गरबा आयोजनों की धूम है। इसी बीच दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा नाइट कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में फिल्मी गाने बजाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते विरोध ने हंगामे का रूप ले लिया। इस दौरान झूमाझटकी और मारपीट की घटना भी सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिल्मी गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर जताया विरोध
जानकारी के अनुसार, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से पद्मनाभपुर के हॉकी ग्राउंड में दो दिवसीय गरबा नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गरबा में फिल्मी गाने बजाए जाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोध दर्ज कराया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक के जरिए अपनी आपत्ति जताते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह गरबा को मां दुर्गा की उपासना से जुड़ा पर्व बताते हुए धार्मिक गीत बजाने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
आयोजक और बजरंग दल के जिला संयोजक के बीच झूमाझटकी
विरोध के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में कार्यक्रम के आयोजक और बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी के बीच विवाद के बाद मारपीट होती दिखाई देने की बात सामने आई है। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल इस मामले में आयोजकों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है। विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन शामिल था, इन पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






