खानपान संतुलित है, रोजाना वॉक या जिम भी करते हैं, लेकिन फिर भी सुबह उठते ही थकान महसूस होती है, पेट भारी रहता है और वजन कम होने का नाम नहीं ले रहा, अगर ऐसा है तो समस्या सिर्फ आपकी डाइट या एक्सरसाइज में नहीं, बल्कि रात की कुछ खराब आदतों में भी छिपी हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार शरीर की असली रिकवरी रात के समय होती है। इसी दौरान दिमाग और शरीर खुद को रिपेयर करते हैं, हार्मोन संतुलित होते हैं और अगले दिन के लिए ऊर्जा तैयार होती है। लेकिन देर रात तक मोबाइल चलाना, भारी भोजन करना, अनियमित समय पर सोना या कैफीन का सेवन इस पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
रात की छोटी गलतियां बन सकती हैं बड़ी परेशानी
आज की व्यस्त जीवनशैली में कई लोग देर रात खाना खाते हैं, टीवी या मोबाइल पर घंटों समय बिताते हैं और फिर सीधे बिस्तर पर चले जाते हैं। यह आदतें धीरे-धीरे मोटापा, डायबिटीज, खराब नींद, तनाव और पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती हैं।
सोने से पहले स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल
मोबाइल, लैपटॉप और टीवी से निकलने वाली ब्लू लाइट शरीर में मेलाटोनिन हार्मोन के उत्पादन को कम कर सकती है। यह हार्मोन अच्छी नींद के लिए जरूरी होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सोने से कम से कम एक घंटा पहले स्क्रीन से दूरी बना लेनी चाहिए।देर रात भारी और जंक फूड खाना
रात के समय शरीर की पाचन क्रिया धीमी हो जाती है। ऐसे में पिज्जा, बर्गर, तला-भुना भोजन या अधिक मसालेदार खाना पेट की परेशानी, एसिडिटी और वजन बढ़ने का कारण बन सकता है।
डिनर का समय तय न होना
विशेषज्ञों का मानना है कि रात का भोजन सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले कर लेना चाहिए। कोशिश करें कि रात 8 बजे तक डिनर कर लें। इससे भोजन आसानी से पचता है और नींद भी बेहतर आती है।
डिनर के तुरंत बाद बिस्तर पर जाना
खाना खाने के बाद सीधे लेटने से एसिडिटी और गैस की समस्या बढ़ सकती है। भोजन के बाद 10 से 15 मिनट की हल्की वॉक पाचन को बेहतर बनाने और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करती है।देर रात चाय-कॉफी पीना
कैफीन शरीर को लंबे समय तक सक्रिय बनाए रखता है। शाम के बाद ज्यादा चाय, कॉफी या एनर्जी ड्रिंक लेने से नींद की गुणवत्ता खराब हो सकती है, जिसका असर अगले दिन की ऊर्जा और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है।
अच्छी सेहत के लिए रात की दिनचर्या सुधारें
विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छी नींद, समय पर भोजन और स्क्रीन टाइम को सीमित करना उतना ही जरूरी है जितना नियमित व्यायाम और संतुलित आहार। अगर आप अपनी रात की आदतों में सुधार करते हैं तो शरीर की रिकवरी बेहतर होगी, ऊर्जा बढ़ेगी और कई बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है।