ग्रामीण अंचलों को कभी सामाजिक सौहार्द, पारिवारिक मूल्यों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता था, लेकिन बीते कुछ वर्षों में यह तस्वीर तेजी से बदलती नजर आ रही है। गांवों में नशे का बढ़ता प्रचलन अब केवल एक सामाजिक बुराई नहीं रह गया है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।
नशे की गिरफ्त में आ रही युवा पीढ़ी न केवल अपने भविष्य को अंधकारमय बना रही है, बल्कि समाज में अपराध की नई जमीन भी तैयार कर रही है। चिंता की बात यह है कि अब 13 से 14 वर्ष की उम्र के किशोर भी विभिन्न प्रकार के नशे की चपेट में आते दिखाई दे रहे हैं।
जिस उम्र में बच्चों को शिक्षा, खेलकूद और संस्कारों की ओर अग्रसर होना चाहिए, उस उम्र में नशे की लत उन्हें अपराध और हिंसा की ओर धकेल रही है। इसका असर सिर्फ व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित कर रहा है।
बढ़ती घटनाएं और नशे का संबंध
ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, मारपीट, लूटपाट, घरेलू विवाद और यहां तक कि हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के पीछे भी कई मामलों में नशे की भूमिका सामने आ रही है। हाल के दिनों में मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर दो युवाओं की हत्या की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इन घटनाओं ने आम लोगों के मन में भय और असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा आम है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और इसके कारण आपराधिक गतिविधियों में भी वृद्धि हो रही है। जब एक के बाद एक गंभीर घटनाएं सामने आती हैं तो स्वाभाविक रूप से लोगों का विश्वास कानून-व्यवस्था पर प्रभावित होता है। ऐसे में प्रशासन के प्रति जवाबदेही और अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि जनता सुरक्षा की अपेक्षा करती है।
नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई की जरूरत
ग्रामीणों का एक बड़ा वर्ग यह महसूस करता है कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में अपेक्षित कठोरता दिखाई नहीं दे रही है। समय-समय पर पुलिस द्वारा कार्रवाई अवश्य की जाती है, लेकिन यदि नशे की उपलब्धता लगातार बनी हुई है तो यह सवाल उठना भी स्वाभाविक है कि आखिर इसकी जड़ तक पहुंचने में सफलता क्यों नहीं मिल पा रही है। अब केवल छोटे स्तर के आरोपियों पर नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क पर सख्त और संगठित कार्रवाई जरूरी है। लांकि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। समाज, परिवार, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थान और सामाजिक संगठन भी इस लड़ाई के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। माता-पिता को अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देना होगा। विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए।रोकथाम ही सबसे बड़ा उपाय
आज आवश्यकता केवल अपराधियों को पकड़ने की नहीं, बल्कि अपराध को जन्म देने वाले कारणों को समाप्त करने की है। यदि नशे की समस्या पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध का ग्राफ और बढ़ सकता है। पुलिस प्रशासन को जनविश्वास मजबूत करने के लिए लगातार संवाद, त्वरित कार्रवाई और दृश्यमान परिणाम प्रस्तुत करने होंगे। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता और ठोस कार्रवाई का है। गांवों की शांति, युवाओं का भविष्य और समाज की सुरक्षा इसी पर निर्भर करती है कि हम इस चुनौती से कितनी गंभीरता और एकजुटता के साथ निपटते हैं।
