पीछा करने से तंग आई युवती ने मनचले को सड़क पर चप्पलों से की धुनाई, वीडियो वायरल
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में देर रात एक युवती ने उसका पीछा कर रहे युवक को बीच सड़क पर रोककर थप्पड़ों और चप्पलों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
देर रात सड़क पर लड़की का पीछा करना एक युवक को भारी पड़ गया। मनचले की हरकतों से परेशान युवती ने हिम्मत दिखाते हुए न सिर्फ उसे बीच सड़क पर घेरा, बल्कि थप्पड़ और चप्पलों से उसकी जमकर धुनाई भी कर दी। यह पूरा ड्रामा भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहाँ युवती ने खुद इस घटना का वीडियो बनाया जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित युवती अपनी स्कूटी से घर की ओर लौट रही थी। उसी दौरान उसने महसूस किया कि स्मृति नगर का रहने वाला 29 वर्षीय युवक काफी देर से उसका पीछा कर रहा है।
युवती का दावा महिनों से कर रहा था पीछा
आगे चलकर जब युवक सड़क किनारे खड़ा दिखा, तो युवती ने बिना डरे अपनी स्कूटी रोकी और सीधे उससे जवाब-तलब करने पहुँच गई। वायरल वीडियो में युवती आक्रोशित होकर युवक पर भड़कती दिख रही है। उसने साफ़ लहजे में कहा, "तुझे क्या लगा, मुझे पता नहीं चलेगा? क्यों पीछा कर रहा है मेरा?" युवक ने मौके पर बहाना बनाते हुए कहा कि वह किसी और का इंतज़ार कर रहा था, लेकिन युवती ने उसकी इस बात को साफ़ खारिज कर दिया। युवती का दावा है कि यह वही शख्स है जिसने कुछ महीने पहले एक मॉल में भी उसका पीछा किया था और तब भी उसने इसका वीडियो रिकॉर्ड किया था।
युवक की माफी से युवती का गुस्सा नहीं हुआ शांत
पूछताछ और बहस के दौरान आरोपी युवक युवती से बात करने की कोशिश करता रहा और माफी भी माँगने लगा। हालांकि, तंग आ चुकी युवती का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने आरोपी को पीटते हुए कहा, "तुम जैसे लड़कों की वजह से ही लड़कियां बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस नहीं करतीं।" सड़क पर हंगामा बढ़ता देख आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग भी जमा हो गए और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। तुरंत ही मामले की जानकारी सुपेला थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
कार्रवाई: सुपेला थाना पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया है।
युवती का पक्ष: युवती ने बताया कि उसने बाकी लड़कियों को संदेश देने और मनचले के हौसले पस्त करने के लिए हिम्मत दिखाई, ताकि वह दोबारा किसी और के साथ ऐसी हरकत न करे।
पुलिस का बयान: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जाँच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।