पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले ने एक नया मोड़ लिया है। इस मामले में केतन की मां राखी अग्रवाल ने सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुहार लगाई है। उन्होंने पीएम को एक भावुक ई-मेल लिखकर बेटे के हत्यारों को सख्त सजा देने की मांग की है। यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पत्र के जरिए उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त की
राखी अग्रवाल ने लिखा कि उन्हें कभी नहीं लगा था कि बेटे के न्याय के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ेगा। पत्र के जरिए उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त की है कि कैसे एक मां को अपने बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि बेटा खुशहाल जीवन जिए और शादी करे, लेकिन सब कुछ खत्म हो गया।
घर का सन्नाटा और बिखरा परिवार
मां ने अपने पत्र में लिखा है कि केतन की हत्या के बाद से घर का हर कोना उन्हें बेटे की याद दिलाता है। उन्होंने कहा, ‘‘उसकी हंसी के बाद अब घर में सिर्फ सन्नाटा पसरा है।’’ यह सन्नाटा उन्हें रोज याद दिलाता है कि केतन अब कभी वापस नहीं आएगा। एक मां के लिए इससे बड़ी त्रासदी और कुछ नहीं हो सकती।
सदमे में पूरा परिवार
इस मामले में परिवार की एक और दुखद घटना भी सामने आई है। केतन की मौत के महज 20 दिन बाद ही उनके दादाजी का भी निधन हो गया। दादा अपने पोते के खोने का गहरा सदमे को सहन नहीं कर सके। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी, मैं सहानुभूति नहीं चाहती, मुझे सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।’’