भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका Asha Bhosle की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में एडमिट किया गया, जहां फिलहाल ICU में उनका इलाज जारी है। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और करीबियों में चिंता का माहौल है।
डॉक्टर ने ICU में भर्ती होने की पुष्टि की
अस्पताल की डॉक्टर प्रति समदानी ने बताया कि आशा भोसले ICU में रखा गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि, उन्होंने स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया है।
पोती ज़नाई भोसले ने दी हेल्थ अपडेट
आशा भोसले की पोती ज़नाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि उनकी दादी को अत्यधिक थकान और सीने में इन्फेक्शन की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने लिखा कि इलाज जारी है और जल्द ही अच्छी खबर आने की उम्मीद है।
14 भाषाओं में 12 हजार से ज्यादा गाने, गिनीज रिकॉर्ड में नाम
8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में जन्मी आशा भोसले ने अपने करियर की शुरुआत मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ के गीत ‘चला चला नवबाला’ से की थी। हिंदी सिनेमा में उनका पहला गाना 1948 में रिलीज फिल्म ‘चुनरिया’ का ‘सावन आया रे’ था। उन्होंने 14 भाषाओं में 12 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं और उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।
पद्म विभूषण और ग्रैमी नॉमिनेशन से सम्मानित
आशा भोसले को साल 2008 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया था। इसके अलावा, 1997 में वे ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वाली पहली भारतीय महिला गायिका बनीं।
फिलहाल स्थिति पर सबकी नजर
देश-विदेश में फैले उनके करोड़ों प्रशंसक उनकी सेहत में जल्द सुधार की कामना कर रहे हैं। अस्पताल में परिवार के सदस्य मौजूद हैं और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में जुटी हुई है।
