बैंक लूट की साजिश नाकाम, पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी को किया गिरफ्तार
रायगढ़ में पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 युवकों और 1 नाबालिग को गिरफ्तार किया। गिरोह मोबाइल दुकान चोरी और दो बैंकों में लूट के असफल प्रयास में शामिल था। शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई में पुलिस ने 2 कार, 60 मोबाइल फोन सहित करीब ₹26.47 लाख की संपत्ति बरामद की। CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाते हुए पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
रायगढ़ में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में शामिल 5 युवक और 1 नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पूरी कार्रवाई शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मामले का खुलासा फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला में एक मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी के बाद शुरू हुई जांच से हुआ। इसके बाद मार्च में धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूट के असफल प्रयास की घटनाएं सामने आईं है , जिससे पुलिस सतर्क हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं के पैटर्न को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज की। CCTV फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी मोह. अरसलान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान चोरी और बैंक लूट की कोशिशों को अंजाम देने की बात को स्वीकार किया । जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना मोह. अरसलान था, जिसने अपने हमउम्र युवकों को साथ जोड़कर एक गैंग बनाया था। यह गिरोह पहले इलाके की रेकी करता था और फिर रात में सुनसान स्थानों पर स्थित दुकानों और बैंकों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद आरोपी CCTV कैमरे निकालकर सबूत मिटाने की कोशिश करते थे और सामान को जंगल में छिपाकर बाद में बेचने की योजना बनाते थे।घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी मोह. अरसलान से घटना में प्रयुक्त मारूती सियाज कार क्र. सीजी-17-के.एन.-2212, महिन्द्रा एक्सयुव्ही-500 कार क्र. सीजी-04-के.जेड.-5674, अन्य चार आरोपियों से कुल 60 नग नये/पुराने मोबाईल व 01 एयरबट्स कीमती 347100रू. जुमला बरामदगी कीमत 26,47,100 बरामद कर जप्त किया गया। आरोपीगण द्वारा एक राय होकर आपराधिक षडयंत्र कर योजनाबद्ध तरीके से संगठित होकर अपराध घटित करना पाये जाने से प्रकरण में धारा 112(2),61(2),3(5) बी.एन.एस. जोडी गई।इस कार्रवाई से तीन अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संबंधित मामलों में भी आगे की कार्रवाई कर रही है। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई - रायगढ़ में पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया।
- इस गिरोह में शामिल 5 युवक और 1 नाबालिग को गिरफ्तार किया गया।
- कार्रवाई शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
बरामदगी - 2 चारपहिया वाहन (कारें)
- 60 मोबाइल फोन
- कुल संपत्ति लगभग ₹26.47 लाख
मामले की शुरुआत - फरवरी में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला में मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी हुई थी।
इसके बाद मार्च में:
- धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास
- जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूट का प्रयास
गिरोह का तरीका - पहले इलाके की रेकी करते थे
- रात में दुकानों और बैंकों को निशाना बनाते थे
- CCTV कैमरे निकालकर सबूत मिटाने की कोशिश करते थे
- चोरी का सामान जंगल में छिपाकर बाद में बेचने की योजना बनाते थे
मुख्य आरोपी- गिरोह का सरगना: मोह. अरसलान (19 वर्ष), निवासी पत्थलगांव
पुलिस की जांच - CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंची
- एक-एक कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी
- तीन अलग-अलग थानों के मामलों का खुलासा
कानूनी कार्रवाई - आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज
- सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया
- अन्य थानों में अलग से कार्रवाई जारी है