नवापारा नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी संगठन पृथ्वीम फाउंडेशन ने मदर्स डे के अवसर पर मातृ शक्तियों का सम्मान किया है। नवापारा नगर की ऐसी माताएं जिन्होंने कठिन परिश्रम, त्याग एवं समर्पण से न केवल अपने बच्चों को शिक्षा दिलवाई बल्कि अच्छे संस्कार से समृद्ध कर समाज में एक महत्वपूर्ण स्थान पर स्थापित किया है।
पृथ्वीम फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता सिन्हा के नेतृत्व में ग्रीन आर्मी की अध्यक्ष रेणुका तिवारी एवं टीम ने नवापारा नगर की कुमुदनी शर्मा एवं टेमिन हिरवानी का शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया।
कुमुदिनी शर्मा का प्रेरणादायक जीवन और परिवार
उक्त अवसर पर पृथ्वीम जनकल्याण समिति की अध्यक्ष योगिता सिन्हा ने बताया कि नवापारा नगर की कुमुदिनी शर्मा एक कुशल गृहणी के साथ-साथ अपने बच्चों को शिक्षा एवं संस्कार का पाठ पढ़ाने वाली प्रेरणादायक माता हैं। उनके चार बच्चों में दो बेटियां अपने ससुराल में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रही हैं और माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों का अनुसरण कर गृहस्थ जीवन का कुशल निर्वहन कर रही हैं।
उनकी उच्च शिक्षित छोटी बेटी योशिता शर्मा छत्तीसगढ़ की कठिन एवं प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा पास कर श्रम निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं पुत्र उत्कर्ष शर्मा लगभग दस वर्षों तक बैंकिंग सेवा छोड़कर एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र में युवा रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। कुमुदिनी शर्मा द्वारा दिए गए संस्कार और अनुशासन का ही परिणाम है कि उनके सभी बच्चे अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है, जिसके लिए पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन ने उन्हें सम्मानित किया।
टेमिन हिरवानी का संघर्ष और मातृत्व की मिसाल
इसी कड़ी में पृथ्वीम वेलफेयर सोसायटी ने नगर के युवा पत्रकार, शिक्षक एवं समाजसेवी विशेषर हिरवानी की माताजी टेमिन हिरवानी का भी सम्मान किया। शादी के आठ वर्षों में ही अपने पति को खो देने के बाद टेमिन हिरवानी ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत-मजदूरी कर अपने पुत्र विशेषर हिरवानी को न केवल अच्छी शिक्षा प्रदान की, बल्कि उन्हें संस्कारवान भी बनाया।
उनकी कठिन परिश्रम और त्याग का परिणाम रहा कि बेटा विशेषर हिरवानी उच्च शिक्षा ग्रहण कर नगर के प्रतिष्ठित निजी विद्यालय में व्याख्याता के पद पर कार्यरत है। साथ ही वे एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र के युवा एवं समर्पित रिपोर्टर होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टेमिन हिरवानी का जीवन सभी मातृशक्तियों के लिए प्रेरणादायक है।
उपस्थित गणमान्य एवं कार्यक्रम सहभागिता
मातृशक्तियों के सम्मान के अवसर पर पूर्व पार्षद हर्षा कंसारी, रेखा वंजारी, ग्रीन आर्मी टीम की सदस्य मंजू अग्रवाल, विशेषर हिरवानी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।
