नया रायपुर से लगे ग्राम पलौद में युवक की हत्या के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। घटना के विरोध में गांव की दुकानें बंद रहीं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आमसभा आयोजित कर क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। आमसभा में थाना प्रभारी भी पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
जानकारी के अनुसार, उड़ियापारा पलौद निवासी तोषक भारती की शुक्रवार रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की मां सरस्वती भारती ने थाना मंदिर हसौद में दर्ज शिकायत में बताया कि 29 मई की रात करीब 9 बजे गांव के करण ध्रुव और एक विधि से संघर्षरत बालक ने उनके पुत्र पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर पहले से तनाव की स्थिति बताई जा रही है।
चाकू के हमले में गंभीर घायल हुआ युवक
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने तोषक भारती पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल शासकीय अस्पताल आरंग पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 248/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला कायम किया है। नामजद आरोपी करण ध्रुव एवं विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हत्या के बाद बढ़ा तनाव, संपत्ति को भी पहुंचा नुकसान
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। इस बीच कुछ अज्ञात लोगों द्वारा संदेहियों के घर और एक पुरानी स्कूटी को नुकसान पहुंचाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस मामले की भी अलग से जांच कर रही है।
नशे और अपराध पर कार्रवाई की मांग
शनिवार को आयोजित ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के सामने क्षेत्र में बढ़ रही अवैध गतिविधियों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब, गांजा तथा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही मारपीट, लूटपाट और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से लोगों में भय का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
आमसभा में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि हत्या प्रकरण सहित क्षेत्र में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
युवक की हत्या की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। परिजन जहां आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं ग्रामीण गांव में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस की आगामी कार्रवाई पर अब पूरे क्षेत्र की नजर टिकी हुई है।
