मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक बेहद ह्रदय विदारक खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह परिवार क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल का बताया जा रहा है।
घटना के बाद से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस खबर से स्तब्ध है। जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा नादन थाना क्षेत्र के रीघरा गांव के पास देर रात करीब 1 बजे हुआ।
गाड़ी के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक का परिवार एक जन्मदिन की पार्टी मनाकर खुशी-खुशी अपने घर मैहर लौट रहा था। तभी रीघरा गांव के पास उनकी तेज रफ्तार एक्सयूवी (XUV) कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
कटर से गाड़ी काट कर निकाला शव
हादसे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और नादन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कार के भीतर फंसे शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस को गैस कटर और अन्य भारी उपकरणों का सहारा लेना पड़ा। कटर से गाड़ी के हिस्सों को काटकर शवों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है, जो पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के बेटे, पोते और करीबी रिश्तेदार हैं:
अंकुर पटेल
मृदुन पटेल
विशेष पटेल
हरिशंकर पटेल
(एक अन्य परिजन)
एक की हालत नाजुक
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में कार सवार एक युवक की जान बच गई है, जिसकी पहचान संजीव कुमार पटेल के रूप में हुई है। हालांकि, उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद संजीव को तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां डॉक्टर उसे बचाने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस ने सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।खुशियां हुई पल भर में तबाह
घर पहुंचने से चंद किलोमीटर पहले हुए इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है कि हादसा रफ्तार की वजह से हुआ या ड्राइवर को झपकी आने के कारण।