छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। चार बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम रोहरा के सराफा व्यापारी बलराम सोनी को हथियार दिखाकर रोक लिया और उनके पास रखे सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बलराम सोनी अपनी दुकान खोलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान मार्ग पर चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने बंदूक दिखाकर व्यापारी को धमकाया और विरोध करने पर बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया।
जेवरात लूटकर फरार हुए आरोपी
हमले के बाद बदमाश व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए। घटना में व्यापारी को चोट आई है। वारदात के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी की गई है। पुलिस टीम संभावित रास्तों की जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।पहले भी हो चुकी है व्यापारियों से लूट
बताया जा रहा है कि जिस मार्ग पर यह वारदात हुई है, वहां पहले भी सराफा व्यापारियों को निशाना बनाया जा चुका है। कुछ वर्ष पहले इसी रास्ते पर दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। एक बार फिर उसी इलाके में सराफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। व्यापारी वर्ग में डर और आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग भी उठ रही है।