वन परिक्षेत्र प्रतापपुर में एक दंतैल हाथी के आक्रामक व्यवहार से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। जंगल क्षेत्र से निकलकर सड़क पर पहुंचे हाथी ने रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार पर हमला करने की कोशिश की। अचानक सामने आए हाथी को देखकर बाइक सवार घबरा गया और उसने किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर मौके से भागना ही बेहतर समझा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार जैसे ही हाथी के करीब पहुंचा, दंतैल हाथी ने गुस्से में उसकी ओर बढ़ना शुरू कर दिया। खतरा भांपते हुए युवक तुरंत बाइक छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। इसके बाद हाथी ने बाइक को अपनी सूंड और पैरों से क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि समय रहते युवक के वहां से हट जाने के कारण बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना का वीडियो आया सामने
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दंतैल हाथी सड़क किनारे खड़ा नजर आ रहा है। वीडियो में हाथी के आसपास लोगों की आवाजाही दिखाई दे रही है। घटना के बाद क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया। वन अमला लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहा है और हाथी की लोकेशन पर निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी के आसपास जाने की कोशिश न करें और जंगल मार्गों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें।राहगीरों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अकेले आवागमन करने से बचें और रात के समय जंगल से लगे रास्तों पर यात्रा करने में सावधानी रखें। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ या उनके करीब जाने से खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी हाथी की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।