गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां कार चला रही एक महिला ने कई बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे के समय बच्चे स्कूल बस का इंतजार करने के लिए सोसायटी के बाहर खड़े थे। इस दुर्घटना में 6 से 7 बच्चों के घायल होने की सूचना है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पंचशील ग्रीन्स के बाहर हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पंचशील ग्रीन्स-2 सोसायटी के पास हुई। बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ बच्चे स्कूल जाने के लिए सोसायटी के बाहर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला कार लेकर वहां पहुंची और अचानक बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।एक्सीलेटर दबने से कार बेकाबू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान उससे गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर बच्चों की ओर बढ़ गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रही थी। हादसे में महिला को भी हल्की चोट आई है।
बच्चों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने कार में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद बच्चों के माता-पिता और सोसायटी के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कुछ परिजनों का आरोप है कि महिला कार चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।