Android Update: यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स पेश किए गए हैं। इनका फोकस रोजमर्रा के काम को आसान बनाने, यात्रा के दौरान बेहतर अनुभव देने और फोन को जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने पर है। Google ने Find Hub, Gemini, Google Messages और एक्सेसिबिलिटी से जुड़े कई फीचर्स में बदलाव किए हैं। अब जल्द ही Gemini की मदद से यूजर्स अपने जरूरी सामान की लोकेशन याद रख सकेंगे। उदाहरण के लिए, अगर आपने पासपोर्ट को बेडरूम के किसी ड्रॉअर में रखा है, तो Gemini को यह बताकर उसकी जानकारी Find Hub में सेव की जा सकेगी। इसके लिए ट्रैकर टैग लगाने की जरूरत नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर Gemini से उस सामान की लोकेशन पूछी जा सकेगी। Find Hub में 'याद रखी चीज़ें' टैब के जरिए भी जानकारी देखी जा सकेगी। यह सुविधा उन जगहों पर Android 16 या इसके बाद के वर्जन वाले डिवाइस में उपलब्ध होगी, जहां Gemini और Find Hub सपोर्ट करते हैं।
Motion Assist से सफर में कम होगी मोशन सिकनेस की परेशानी
गाड़ी में सफर करते समय फोन इस्तेमाल करने पर कई लोगों को मोशन सिकनेस की समस्या होती है। Android 17 में आने वाला Motion Assist इस परेशानी को कम करने में मदद करेगा। यह स्क्रीन पर एक हल्का बबल ओवरले दिखाएगा, जो वाहन की हलचल के साथ मूव करेगा। इसका उद्देश्य आंखों को दिखाई देने वाली स्क्रीन और शरीर को महसूस होने वाली गति के बीच के अंतर को कम करना है। यूजर्स इसे Quick Settings में जोड़ सकते हैं और जरूरत के अनुसार बबल का आकार, रंग और अपारदर्शिता भी बदल सकते हैं। इसे ऑटोमैटिक रूप से सक्रिय करने का विकल्प भी मिलेगा।
Gemini Live में Guided Vision से आसपास की चीजों की जानकारी
दृष्टिबाधित और कम दृष्टि वाले यूजर्स के लिए Gemini Live में Guided Vision फीचर पेश किया जा रहा है। इसमें यूजर कैमरा शेयर करके अपने सामने मौजूद वस्तुओं के बारे में Gemini से जानकारी ले सकेंगे।यह फीचर खाने के पैकेट पर लिखे छोटे अक्षरों को पढ़ने, कम रोशनी वाले रेस्टोरेंट में मेन्यू समझने या आसपास रखी वस्तुओं की पहचान करने जैसे कामों में मदद कर सकता है। कैमरा सही दिशा में न होने पर वॉइस फीडबैक के जरिए उसे सही जगह पर लाने, किसी हिस्से पर पैन करने या वस्तु को फ्रेम के बीच में रखने के निर्देश भी मिलेंगे। Guided Vision को एक्सेसिबिलिटी शॉर्टकट, TalkBack मेनू या Gemini ऐप की सेटिंग्स से इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह फीचर Gemini ऐप उपलब्ध वाले देशों में Android 9 और उससे ऊपर के डिवाइस के लिए आने वाला है।Google Messages में चैट के दौरान बना सकेंगे Keep Notes
Google Messages में अब बातचीत के दौरान ही Google Keep का इस्तेमाल करने की सुविधा मिल रही है। इससे दोस्त या परिवार के लोग चैट छोड़े बिना साझा नोट बना और अपडेट कर सकेंगे। मसलन, किराने का सामान खरीदने की सूची या छुट्टी की प्लानिंग से जुड़ा नोट सभी लोग देख, एडिट और उसमें नए आइडिया जोड़ सकेंगे। Google Messages में '+' आइकन के जरिए Google Keep को बातचीत में शामिल किया जा सकता है। यह सुविधा Google Messages में उपलब्ध होना शुरू हो गई है।

