भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ब्लॉक संघ बागबाहरा की वार्षिक बैठक शिक्षा कार्यालय परिसर में संघ अध्यक्ष पंकज हरपाल की अध्यक्षता तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवनारायण दीवान की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ब्लॉक सचिव शेष नारायण साहू ने बैठक का निर्धारित एजेंडा प्रस्तुत किया। उन्होंने राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा स्काउट-गाइड यूनिफॉर्म में किए गए नए बैज संबंधी बदलावों की जानकारी सदस्यों को दी। इस दौरान वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया और वर्ष 2026-27 के वार्षिक कार्यक्रमों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम होंगे
बैठक में आगामी वर्ष के लिए कई सामाजिक और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। संघ द्वारा पौधारोपण अभियान, स्वच्छता एवं टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान और स्वच्छ भारत-सुंदर भारत अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया।संघ की ओर से 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा, 7 नवंबर को स्थापना दिवस पर विकासखंड स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बेसिक प्रशिक्षण, द्वितीय एवं तृतीय सोपान जांच शिविर, स्काउट-गाइड हाइक सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।बाल दिवस और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम होंगे
बैठक में बाल दिवस के अवसर पर कब-बुलबुल कार्यक्रम, नेहरू सद्भावना दिवस तथा 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जागरूकता सप्ताह मनाने की योजना बनाई गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष देवेश साहू, निर्मला देवांगन, राजेश सोनी, बंशीलाल चंद्राकर, मदन देवांगन, पूर्व सचिव भीमसेन चंद्राकर, कोषाध्यक्ष भूषण साहू, गाइड आयुक्त पूरी हरपाल, रूपेश तिवारी, रक्षा साहू, वीणा साहू, वरिष्ठ गाइडर जेनेबिबा तिर्की, व्यास नारायण बंजारे, मनोज दीवान, डिगेश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।