CG Police News: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र से पुलिस विभाग की सख्त कार्रवाई का मामला सामने आया है। ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने और शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में आरक्षक अविनाश गुप्ता के खिलाफ विभागीय जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 19 जुलाई 2026 का है।
जनकपुर थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन क्रमांक CG 03 A 2700 में तैनाती के दौरान आरक्षक अविनाश गुप्ता पर शराब सेवन करने का आरोप लगा था। इसी दौरान शासकीय वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। दुर्घटना के बाद आरक्षक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें 388 MG एल्कोहल कंटेंट पाए जाने का उल्लेख विभागीय रिपोर्ट में किया गया।
निलंबन के बाद हुई विभागीय जांच
मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग ने 20 जुलाई 2026 को आरक्षक अविनाश गुप्ता को निलंबित कर दिया था। इसके बाद विभागीय स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू की गई। जांच में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, शासकीय वाहन को क्षति पहुंचाने, कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता से जुड़े आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके आधार पर सक्षम अधिकारी ने 16 सितंबर 2026 को आरक्षक को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए यह स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। विभागीय नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
