कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टोल फ्री नंबर से प्राप्त शिकायत के आधार पर मंगलवार को पद्मपुर जिला बरगढ़ (ओडिशा) से बसना, सरायपाली क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन कर भंडारण करने वालों के विरुद्ध जांच की गई।
जांच के दौरान ग्राम खेमड़ा, बसना में मनीष वाधवा द्वारा रेत का भंडारण किए जाने की जानकारी मिलने पर मौके पर निरीक्षण किया गया। यहां फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण यूनिट में लगभग 23 हाईवा रेत का भंडारण पाया गया।
नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश
भंडारित रेत के संबंध में भंडारणकर्ता को नोटिस जारी कर वैध दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी तरह ग्राम लिलेशर, बोईरलामी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बोईरलामी (जोंक नदी) में 01 नग चैन माउण्टेन मशीन एवं 01 नग हाईवा वाहन को मौके से जप्त कर तेन्दुकोना पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। आगे की कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत की जाएगी।जांच टीम की मौजूदगी
जांच कार्यवाही के दौरान सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र साहू, खनिज निरीक्षक मधुलिका मिंज, सिपाही प्रशांत कालू, मनीष ढीढी एवं मनोज निर्मलकर मौजूद रहे। खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश ने बताया कि आगे भी जांच कार्यवाही जारी रहेगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाकर निरंतर जांच की जाएगी।
