Ek Deep Saksharta Ka: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2026-27 में प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में दीपावली महापर्व के अवसर पर साक्षरता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने दीपावली के ठीक एक दिन पूर्व सायं 6:30 बजे से 7:30 बजे तक पूरे प्रदेश में “एक दीप साक्षरता का” विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने दीपावली पर जलेगा शिक्षा का दीप
अभियान के माध्यम से समाज के अशिक्षित वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा साक्षरता के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा। दीपावली के पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ साक्षरता का दीप जलाकर शिक्षा के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार लंगेह ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिले के समस्त संकुल समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से की जाएगी अपील
उन्होंने अभियान के तहत सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विभिन्न स्तरों पर जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया।
अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तर के अधिकारियों द्वारा नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से दीपावली के दीपों के साथ साक्षरता का दीप जलाने की अपील की जाएगी। इसके अलावा बीईओ, बीआरसी, एबीओ, सीएसी, विद्यालयों के प्राचार्य, ग्राम एवं वार्ड प्रभारियों का वेबिनार के माध्यम से समन्वय किया जाएगा।
सरकारी स्कूलों और साक्षरता केंद्रों में जलेंगे दीप
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों एवं उल्लास साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलन कर साक्षरता की शपथ भी ली जाएगी। शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए संकुल समन्वयकों तथा ग्राम एवं वार्ड प्रभारियों को उल्लास एप पर पंजीकृत स्वयंसेवी शिक्षकों और असाक्षर व्यक्तियों से संपर्क कर शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।सोशल मीडिया पर होगा साक्षरता अभियान का प्रचार
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए दीप प्रज्ज्वलन की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निर्धारित हैशटैग के साथ साझा किए जाएंगे। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के रेखराज शर्मा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी तथा कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहेंगे।







