Bastar Police: छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की भारी खेप पकड़ी है। पुलिस ने 476 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर तस्करी के इस प्रयास को नाकाम कर दिया। मौके से गांजे के अलावा एक बाइक और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा लोडिंग पिकअप भी जब्त की गई है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच के दौरान गांजे की सप्लाई करने वालों से लेकर इसे आगे खरीदने और बेचने वालों तक की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। इसके लिए पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस जांच से तस्करी के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच जारी है। बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।






