Robbery Case: रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट और मारपीट का मामला सामने आया है। घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय महिला ने जब चोरी का विरोध किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महज 4,500 रुपए उधार नहीं मिलने के बाद लूट की योजना बनाई थी। उसे जानकारी थी कि महिला घर में अकेली रहती हैं। इसी बात का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
मामला खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव का है। गांव की रहने वाली रामबाई साहू (62) ने 1 नवंबर को अपने दोनों बेटों और बहू के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने कमरे में सो रही थीं। रात लगभग डेढ़ बजे अचानक उनकी नींद खुली तो घर की आलमारी से सामान निकालता हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया। महिला ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद वह आलमारी और संदूक में रखे करीब 30 हजार रुपए नकद, 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवर लेकर भाग निकला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संदिग्ध युवक की जानकारी से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की जांच के लिए पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़िता के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि वारदात वाली रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के घर ग्राम बोरदी का रहने वाला नागेश गवेल (29) आया हुआ था। उसकी गतिविधियों और हुलिए को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने नागेश कुमार गवेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने की बात स्वीकार की।
4500 रुपए उधार नहीं मिले तो बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपए उधार मांगने गया था। रकम नहीं मिलने पर वह वापस लौट आया। इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट करने की योजना बनाई। आरोपी को पहले से पता था कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं। साथ ही उनके घर में पुट्टी-पोताई का काम भी चल रहा था। इसी स्थिति का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर दाखिल हो गया। उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर सामान निकालना शुरू किया। इसी दौरान संदूक से हो रही आवाज सुनकर रामबाई की नींद खुल गई। महिला ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया और सामान लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।नकदी और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा और हथौड़ी बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाड़ियों से जब्त की गई। वहीं, घटना में इस्तेमाल डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से बरामद हुई। आरोपी ने बाकी 25 हजार रुपए नकद, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के नजदीक छिपाने की जानकारी दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वहां तलाश की, लेकिन बाकी रकम और जेवर बरामद नहीं हो सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
SSP ने कहा- महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बुजुर्गों के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।







