Education News: कांकेर जिले में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूलों में अनुशासन को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। दुर्गूकोंदल विकासखंड के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में पदस्थ प्रधानपाठक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित प्रधानपाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला मंगहूर प्राथमिक शाला का है, जहां पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया बुधवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद उनके खिलाफ बड़गांव पुलिस थाने में FIR भी दर्ज कराई गई।
शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने भी विभागीय कार्रवाई की है। संयुक्त संचालक ने प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया के निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
स्कूलों में अनुशासन को लेकर सवाल
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर कुंदन कुमार जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। वे स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और अनुशासन बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को निर्देश भी दे रहे हैं। ऐसे में सरकारी स्कूल के प्रधानपाठक पर ही शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि शिक्षा विभाग ने निलंबन की कार्रवाई कर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।






