Crime News: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक दौड़ लगाई। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने की कोशिश की। गाड़ी उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। हालांकि, पुलिस को चकमा देकर आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही टाटा वैक्सीन गाड़ी की सूचना मिली थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तस्कर अलग-अलग रास्तों से भाग निकले।
कचरे के ढेर में गांजे की बोरी
पुलिस से बचकर निकलने की कोशिश में तस्करों ने सिंगारभाट स्थित राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद वाहन अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी भी ली, लेकिन उसमें कुछ संदिग्ध नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। इस बीच बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने कांकेर पुलिस को कचरे के ढेर में लावारिस बोरियां पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरियों की जांच की तो उनमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे का कुल वजन 400 किलो से अधिक है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
एक्सप्रेस-वे निर्माण के बीच पुराने रास्तों से तस्करी
पुलिस को आशंका है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ आने के लिए केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस रास्ते को गांजा तस्करी के नए कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार दो दिनों में हुई इतनी बड़ी बरामदगी ने इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों के संबंध में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। फरार तस्करों की तलाश जारी है।






