Raigarh Robbery Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है। पहली घटना में जहाँ हथियारबंद युवकों ने कोयला लोड कर जा रहे ट्रेलर चालक को बेल्ट से पीटकर लूटपाट की, वहीं दूसरी घटना में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से महँगा आईफोन छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, बेल्ट से पीटा
पहली वारदात घरघोड़ा-छाल रोड पर बोरपारा के पास की है। बिहार के महेशडीह निवासी रंजित कुमार सिंह (33), जो पिछले कुछ समय से खरसिया के ट्रांसपोर्टर अंकित अग्रवाल का ट्रेलर चला रहे हैं, कोयला लेकर इंडोग्रो कंपनी जा रहे थे। रंजित के अनुसार, 16 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे जब वे घरघोड़ा-छाल मार्ग से गुजर रहे थे, तब काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया। अनहोनी की आशंका में उन्होंने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और आगे चल रहे साथी चालक रामाशंकर को फोन पर इसकी जानकारी दी।
हालांकि, घरघोड़ा बाइपास पर हनुमान ईंट भट्ठे के पास बदमाशों ने ओवरटेक कर अपनी बाइक ट्रेलर के आगे अड़ा दी। जैसे ही गाड़ी रुकी, दो बदमाश दोनों ओर से केबिन के भीतर घुस आए। उन्होंने रंजित को चाकू दिखाकर डराया, गाली-गलौज की और बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। 5 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने जेब में रखे 3 हजार रुपये नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों मौके से भाग निकले। घबराए रंजित ने पहले ट्रेलर खाली कराया और फिर घटना की जानकारी वाहन मालिक को दी। रविवार को थाने पहुँचकर पीड़ित चालक ने एफआईआर दर्ज कराई।
ढाबे के सामने रास्ता रोक झपटा 64 हजार का आईफोन
लूट की दूसरी घटना भी इसी थाना क्षेत्र की है। टेरम गांव के रहने वाले सूरज राठिया (24) रात करीब 9 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबे के पास पहुंचे, तभी एक बार फिर वही काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक सामने आ धमके और उनका रास्ता रोक लिया। सूरज कुछ समझ पाते, इससे पहले बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने हाथ मारकर उनका लगभग 64 हजार रुपये कीमत का आईफोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेजी से रायगढ़ की तरफ रफूचक्कर हो गए। देर रात हुई इस अचानक घटना से डरे-सहमे सूरज सीधे घर चले गए। अगले दिन उन्होंने अपने स्तर पर छानबीन की कोशिश की, लेकिन सुराग न मिलने पर घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में जुटी पुलिस
एक ही रात और एक ही तरीके से दो वारदातों के सामने आने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में पीड़ितों के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध कायम कर लिया गया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीम जुट गई है।







