Dongargarh Murder Case: ग्राम चौथना में 9 अक्टूबर की रात अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर मां कमला सोनकर और उनके बेटे हितेन्द्र सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, घटना डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की है। डीएसपी सुमन जायसवाल ने बताया कि वारदात 9 अक्टूबर की रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच हुई। इसी दौरान अज्ञात हमलावर कमला सोनकर के घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कमला और उनके बेटे हितेन्द्र की जान चली गई, जबकि ममता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल ममता को तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
घर लौटे पति ने देखा खौफनाक मंजर
जानकारी के अनुसार, घटना के समय कमला सोनकर के पति घर पर मौजूद नहीं थे। जब वह वापस लौटे, तो घर में पत्नी और बेटे को खून से लथपथ पाया। दोनों की मौत हो चुकी थी, जबकि बेटी गंभीर हालत में पड़ी थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस अब वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ हमलावरों की पहचान करने में लगी है।पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
पुलिस को आशंका है कि मां-बेटे की हत्या के पीछे पुरानी पारिवारिक रंजिश हो सकती है। डीएसपी सुमन जायसवाल के अनुसार, मामले में कमला सोनकर के कुछ रिश्तेदारों को लेकर सामने आए संदेह की भी जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। हमलावर कौन थे और उन्होंने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






