CG News: सक्ती जिले में पुलिस की दबिश के दौरान एक ग्रामीण की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गांव में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस से बचने के लिए गांव के ही एक व्यक्ति ने तालाब में छलांग लगा दी। घटना के बाद से वह लापता था। सोमवार सुबह उसका शव तालाब से बरामद किया गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जुआ खेलने की सूचना पर देर रात गांव पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद थाना पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। पुलिस को अचानक गांव में पहुंचा देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान जुआ खेल रहे कुछ लोग वहां से बचने की कोशिश करने लगे।
तालाब में डूबने की आशंका, रेस्क्यू टीम ने शुरू की तलाश
महेश राम केंवट के तालाब में छलांग लगाने के बाद उसके डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टीम ने तालाब में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन रात में उसका पता नहीं चल पाया। सोमवार सुबह एक बार फिर तलाश की गई। इसी दौरान तालाब में उसका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई।परिजनों का आरोप- पुलिस की मारपीट से बचने तालाब में कूदा था महेश
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने दबिश के दौरान महेश राम के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि पुलिस की कथित मारपीट से बचने के लिए ही महेश ने तालाब में छलांग लगाई थी। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ASP पंकज बोले- शिकायत के आधार पर होगी निष्पक्ष जांच
मामले को लेकर सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने जानकारी दी कि घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से पुलिस पर जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महेश राम केंवट की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है।











