Road Accident: रविवार की सुबह सक्ती जिले के दर्री गांव के तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला गम लेकर आई। डभरा-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर एक बेलगाम यात्री बस ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दर्दनाक बात यह है कि तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे और एक धार्मिक आयोजन में भजन गाने के लिए घर से निकले थे।
भजन कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस गांव के लिए निकले थे। वहां आयोजित 'रामनाम सप्ताह' कार्यक्रम में तीनों को भजन की प्रस्तुति देनी थी। सभी उत्साह के साथ घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में काल बनकर आई बस ने उनकी जीवन लीला समाप्त कर दी।
पेट्रोल पंप के पास हुई आमने-सामने की भिड़ंत
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक सक्ती से चंद्रपुर की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही वे छवारिपाली पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, सामने से यानी रायपुर से डभरा की तरफ आ रही 'मुस्कान' यात्री बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक समेत उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर डभरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मामले की जानकारी देते हुए डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पीएम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है।
दर्री गांव में शोक की लहर
एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ अर्थी उठने की खबर से पूरे दर्री और आसपास के इलाकों में सन्नाटा पसरा है। जो लोग सुबह भक्ति गीत गाने के लिए घर से विदा हुए थे, दोपहर होते-होते उनके शव घर पहुंचे, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












