Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने होटल के कमरे में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने कुछ दिनों बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया था। अब इस पूरे मामले में पुलिस ने 10 महीने बाद मृतक की प्रेमिका को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस की शुरुआती जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर युवती को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, बलरामपुर जिले के रहने वाले 22 वर्षीय विकास गुप्ता रायपुर स्थित एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे। उनके पिता भटगांव में पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, सूरजपुर जिले के भटगांव की रहने वाली 21 वर्षीय आकांक्षा सिदार बिलासपुर के कोनी इलाके में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के मुताबिक, दोनों की जान-पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
शादी को लेकर अक्सर होता था विवाद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आकांक्षा, विकास पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी। आरोप है कि जब भी विकास शादी से जुड़ी बातों को लेकर हिचकिचाता या टालमटोल करता, तो युवती उसे कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था।
होटल के कमरे में घटी घटना
पुलिस के मुताबिक, 27 जनवरी 2026 को विकास और आकांक्षा कोनी क्षेत्र के एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। बताया जा रहा है कि वहां भी दोनों के बीच शादी की बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित विकास ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। घटना के वक्त युवती भी उसी कमरे में मौजूद थी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
झुलसने के बाद विकास को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू की।
सबूतों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
लंबे समय तक चली जांच और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का मानना है कि युवती के व्यवहार और लगातार बनाए जा रहे दबाव से तंग आकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इसके बाद पुलिस ने आकांक्षा सिदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने (उकसाने) की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए शनिवार (21 नवंबर) को उसे गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।












