Weather Update: नवंबर के आखिर में छत्तीसगढ़ के मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह की शुरुआत घनी धुंध और नमी से हो रही है, जिससे दृश्यता घट रही है और इसका सीधा असर रेल व हवाई यातायात पर पड़ा है। रायपुर से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी है, वहीं कुछ उड़ानें भी देरी से पहुंचीं। दूसरी ओर, कम दबाव के क्षेत्र के असर से जशपुर समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। रविवार सुबह रायपुर में हवा थमी रही और नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक जा पहुंचा, जिसके चलते सुबह धुंध छाई रही। दिन के समय भी बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे धूप का असर कुछ नरम पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा है। यानी दिन में हल्की ठंडक और रात में अभी अपेक्षाकृत गर्माहट बनी हुई है। सुबह साढ़े आठ बजे नमी 98 प्रतिशत और शाम साढ़े पांच बजे 80 प्रतिशत रही। दिनभर औसतन 60 प्रतिशत बादल छाए रहे और हवा की औसत गति मात्र 1 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
धुंध में धीमी पड़ी ट्रेनों की रफ्तार
सुबह और रात के वक्त पड़ रही धुंध और कोहरे के कारण रायपुर-बिलासपुर रेल रूट पर ट्रेनों के संचालन पर असर दिख रहा है। कम दृश्यता को देखते हुए लोको पायलटों को एहतियातन गति नियंत्रित रखनी पड़ रही है, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में तय समय से ज्यादा वक्त लग रहा है। इस वजह से जिन प्रमुख ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है, उनमें वैनगंगा सुपरफास्ट, गोंदिया-बरौनी, बिलासपुर सुपरफास्ट, शिवनाथ एक्सप्रेस, टाटानगर एक्सप्रेस, सांतरागाछी हमसफर, गया सुपरफास्ट, कामाख्या कर्मभूमि, हावड़ा सुपरफास्ट, पुरी हमसफर, पुणे-हटिया सुपरफास्ट, मालदा टाउन, कोरबा एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस और रायपुर-बिलासपुर मेमू शामिल हैं।
उड़ानों पर भी पड़ा असर
मौसम के इस बदलाव का असर हवाई सफर पर भी दिखा। रायपुर आने वाली कई उड़ानें अपने तय समय से करीब 30 से 45 मिनट की देरी से पहुंचीं। सुबह के समय बढ़ती नमी और दृश्यता में उतार-चढ़ाव के बीच विमानों के सुरक्षित संचालन के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
जशपुर में तीन सेमी तक बारिश, बाकी जिलों का हाल
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र का प्रभाव रविवार को भी छत्तीसगढ़ में बना रहा। इसके चलते प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जशपुर जिले के दुलदुला और पत्थलगांव में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री जगदलपुर में दर्ज किया गया। अंबिकापुर में रात का पारा 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक है। वहीं बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा रहा।दो दिन बाद बढ़ सकती है रात की ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं दिखेगा। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ने लगेगा। सोमवार को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है, हालांकि फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।












