Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, 11 जिलों में यलो अलर्ट, महासमुंद के किसानों की बढ़ी चिंता
Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ के असर से मौसम बदल गया है। रायपुर समेत 11 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। महासमुंद में बारिश की संभावना से धान की फसल और खरीदी केंद्रों में रखे धान को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रकाशित: 20 Nov 2026, 08:59 AM· 5 मिनट पढ़ने का समय
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर प्रदेश के कई हिस्सों में साफ दिखने लगा है। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद अचानक मौसम बदला, ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई और पारा गिरने से सिहरन बढ़ गई। कई इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर तापते दिखे। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर सहित प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। अलर्ट वाले जिलों में रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं।
आज दोपहर तट से टकरा सकता है ‘अकवान’
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ आज दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के आसपास तट पार करने का अनुमान है। तट से गुजरते समय 90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में भी तेजी से बदलाव आ रहा है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक व तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
प्रदेश में तेज हवा और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। हवा के झोंके इससे भी ज्यादा तेज हो सकते हैं। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
अकवान’ की सैटेलाइट तस्वीरमहासमुंद में बारिश का अलर्ट, धान को लेकर बढ़ी चिंता
यलो अलर्ट वाले जिलों में शामिल महासमुंद में भी मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आज और शनिवार को जिले के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खासकर बसना, पिथौरा, सरायपाली और भंवरपुर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में मौसम की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है। महासमुंद धान उत्पादन के प्रमुख क्षेत्रों में गिना जाता है। प्रदेश में धान कटाई और समर्थन मूल्य पर खरीदी का दौर चल रहा है, ऐसे में बारिश की चेतावनी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटी फसल, खलिहानों और खरीदी केंद्रों में रखे धान के भीगने का खतरा बना हुआ है। किसानों को सुझाव दिया गया है कि वे खुले में रखे धान को तिरपाल से ढंककर रखें ताकि नमी से नुकसान न हो।
तापमान का हाल: कहां कितनी ठंड, कहां गर्मी
मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से क्रमशः 1.6 डिग्री और 0.6 डिग्री कम रहा। शहर में दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री का अंतर रिकॉर्ड हुआ।
शहर / क्षेत्र
अधिकतम तापमान (°C)
न्यूनतम तापमान (°C)
खास स्थिति
रायपुर
28.4°C
15.9°C
सामान्य से कम, रात में हल्की बारिश व ठंडक
अंबिकापुर
—
7.6°C
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान
दुर्ग
30.0°C
—
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान
मौसम के जानकारों का कहना है कि बादलों की वजह से कुछ जगह रात के तापमान में अस्थायी रूप से हल्की बढ़ोतरी दिख सकती है, लेकिन बारिश का दौर थमने के बाद ठंड फिर जोर पकड़ सकती है।