Road Accident: सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम नवरंगपुर के पास हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के बयान के बाद कार चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को बसना थाना क्षेत्र के ग्राम केंवटापाली निवासी कैलाश साहू (उम्र 45 वर्ष, पिता मथुरा साहू) अचाकनपाली स्कूल से अपनी बाइक (CG 04 CF 0292) पर सवार होकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:15 बजे वह ग्राम नवरंगपुर स्थित सिंघल फ्यूल्स से पेट्रोल डलवाकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही एक किया (KIA) कार (CG 04 QP 1854) के चालक ने कथित तौर पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कैलाश साहू के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरायपाली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मृतक के साढ़ू भाई पिंकु साहू (उम्र 43 वर्ष, निवासी सागर स्टेट, सरायपाली) ने थाने पहुंचकर दी। पुलिस ने पहले मामले में धारा 194 BNSS के तहत मर्ग क्रमांक 84/2026 दर्ज कर जांच पंचनामा की कार्रवाई की।
सीसीटीवी फुटेज से साफ हुई तस्वीर
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और सिंघल फ्यूल्स में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि कार चालक की लापरवाही से हुए हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश साहू की मौत हुई। इसके आधार पर सरायपाली पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है। घटना की सूचना एसडीएम (SDM) सरायपाली को भी भेज दी गई है।











