Road Accident: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को हर्रई थाना क्षेत्र के बायपास पर करन पेट्रोल पंप के पास ट्रक और आयशर वाहन के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ललितपुर निवासी ट्रक चालक की मौके पर मौत जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार को हर्रई बायपास के पास हुआ।
ट्रक चालक की मौके पर मौत, 3 घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक रविंद्र सिंह कोडर, निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश), ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं आयशर वाहन का चालक और ट्रक में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हर्रई और दूल्हादेव घाटी बने हादसों का केंद्र
हर्रई और दूल्हादेव घाटी में बढ़ रहे सड़क हादसे छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर हर्रई और दूल्हादेव घाटी का इलाका लगातार सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चर्चा में है। इस मार्ग पर तेज रफ्तार और अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याओं के चलते आए दिन वाहनों की भिड़ंत और पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।सुरक्षा इंतजामों की कमी पर प्रशासन से सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद हाईवे पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और संबंधित एजेंसियों पर सवाल उठाए हैं। लोगों की मांग है कि दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि इस मार्ग पर होने वाली घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












