Road Accident: मध्य नगरी रोड पर स्कूटी की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि महिला के पति ने जब युवकों को वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और उन पर ईंट व हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। घटना में पति के सिर, आंख के नीचे, मुंह और घुटने में चोट आई है।
मामला मध्यप्रदेश के सतना जिले के ग्राम बड़खेरा की रहने वाली 25 वर्षीय ज्योति शर्मा से जुड़ा है। वह सरजू बगीचा मसानगंज में किराए के मकान में रहती हैं और उसलापुर ब्रिज के पास स्थित साईं समोसा होटल में काम करती हैं। एक नवंबर की रात करीब 9:30 बजे काम खत्म करने के बाद वह अपनी स्कूटी से घर लौट रही थीं।
टक्कर के बाद विवाद, पति के साथ मारपीट
इसी दौरान राज मोबाइल सेंटर के पास पीछे से आ रही एक स्कूटी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। आरोप है कि स्कूटी चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगने से ज्योति सड़क पर गिर गईं और उनके बाएं पैर में चोट आई। घटना की सूचना मिलने पर उनके पति अंकित शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूटी सवार युवकों को वाहन सावधानी से चलाने की बात कही। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने अंकित के साथ मारपीट की। हमले में उन्हें शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं। ज्योति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











