Janjgir Champa Robbery: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 में दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मामले की जांच के लिए आठ सदस्यीय विशेष टीम गठित की है।
छत पर आहट सुनकर बाहर निकली थी महिला
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। महिला उस समय घर में अकेली थी। इसी दौरान उसे छत की तरफ से कुछ आवाज सुनाई दी। आहट मिलने पर वह बाहर निकली, जहां गमछे से चेहरा ढके दो युवक दिखाई दिए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों बदमाशों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
अलमारी की चाबी नहीं मिली तो महिला से की मारपीट
आरोप है कि दोनों युवक महिला को जबरदस्ती कमरे के अंदर ले गए और अलमारी की चाबी मांगने लगे। महिला के पास चाबी नहीं होने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 8 हजार रुपये नकद लेकर दोनों मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी साइकिल से भागे।
ASP के नेतृत्व में बनाई गई 8 सदस्यीय टीम
वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में गठित टीम को आरोपियों की पहचान करने, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।जांच टीम में इन पुलिस अधिकारियों को किया गया शामिल
गठित आठ सदस्यीय टीम में नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम, जांजगीर थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे, बलौदा थाना प्रभारी मनोहर लाल सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और पुलिस सहायता केंद्र करही के सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल को शामिल किया गया है।
दिनदहाड़े लूट से इलाके में दहशत
रिहायशी इलाके में सुबह के समय हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।












