Theft Cases: दुर्ग पुलिस ने एक दिन पहले ही 1 करोड़ रुपए की चोरी के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अगले ही दिन जिले में चोरों ने एक के बाद एक वारदात को अंजाम दिया। 1 नवंबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और झपटमारी के 7 मामले सामने आए। खुर्सीपार में दो महिलाओं को निशाना बनाकर बाइक सवार बदमाश उनके पर्स छीनकर फरार हो गए। वहीं, सुपेला क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर चोरी कर लिए गए। इसके अलावा तीन अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी हुई।
उतई क्षेत्र में क्रेशर खदान में लगे पंप का तांबे का तार भी चोर ले गए। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की दोनों घटनाओं में एक ही आरोपियों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। दोनों घटनाओं में बाइक सवार बदमाशों ने चेहरे ढक रखे थे। उनकी बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
चलती स्कूटी से पर्स छीनकर फरार हुए बाइक सवार
पहली घटना 1 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे की है। सेक्टर-5 भिलाई निवासी 42 वर्षीय प्रतिभा मुखर्जी अपनी ईवी स्कूटी से ड्यूटी पर रायपुर जा रही थीं। खुर्सीपार चौक के पास तुलसी ट्रेडर्स के सामने पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनकी स्कूटी के आगे लटका पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गया। पर्स में दो मोबाइल, सोने की तीन चूड़ियां, चांदी की बिछिया, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपए थे। महिला ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई है। दूसरी घटना 30 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:40 बजे डबरापारा खुर्सीपार ब्रिज पर हुई। ग्राम नंदौरी निवासी 30 वर्षीय विंध्या वर्मा स्कूटी से जिला अस्पताल दुर्ग जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनकी स्कूटी के पायदान पर लटका पर्स झपट लिया। इसके बाद वह यू-टर्न लेकर भिलाई-3 की तरफ भाग गया। पर्स में 5 हजार रुपए, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्कूटी की आरसी और मां के इलाज से जुड़े जरूरी कागजात रखे थे।
सुपेला में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर चोरी
सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर चौकी इलाके में भी चोरी की वारदात सामने आई। परिवार 29 अक्टूबर की सुबह घर में ताला लगाकर ग्राम केसला में एक रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। 31 अक्टूबर की दोपहर जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर अलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की अंगूठियां, पायल, बिछिया, बाजूबंद और चांदी के 17 सिक्के ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 75 हजार रुपए बताई गई है।
तीन बाइक और 200 मीटर तांबे का तार चोरी
सुपेला क्षेत्र में बाइक चोरी के दो मामले दर्ज किए गए। एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हीरो पैशन प्लस बाइक एचडीएफसी बैंक की सुपेला शाखा के सामने से चोरी हो गई। बाइक की कीमत 25 हजार रुपए बताई गई है। वहीं, नेहरू नगर वेस्ट स्थित विद्या विहार में किराए के मकान के बाहर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक भी चोर ले गए। इसकी कीमत भी 25 हजार रुपए है। इधर, पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में चोपड़ा पैलेस के पास पेट्रोल पंप के सामने काम करने आए युवक की बाइक चोरी हो गई। यामदेव महार की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा स्थित शिवगंगा पावर क्रेशर की खदान में लगे सबमर्सिबल पंप का करीब 200 मीटर तांबे का तार चोरी हो गया। तार आखिरी बार 31 अक्टूबर की शाम को देखा गया था। अगले दिन सुबह जांच करने पर तार गायब मिला।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
लगातार सामने आई चोरी और झपटमारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुर्सीपार में महिलाओं के पर्स छीनने वाले बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।







