Road Accident: शहर के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में हुए दो सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं दो ट्रेलरों की आपस में भिड़ंत के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। सुबह तक वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पहली दुर्घटना रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसी रात दूसरी दुर्घटना मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों के चालक आपस में उलझ गए और उनके बीच मारपीट की स्थिति बन गई। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों ट्रेलर सड़क पर ही खड़े रहे, जिसके चलते यातायात बाधित हो गया। रात से लेकर सुबह तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। इसका असर स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य राहगीरों पर पड़ा।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग
मुड़ापार इलाके में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने कहा कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग पहले भी कई बार उठाई जा चुकी है। इस संबंध में प्रशासन को पत्र भी लिखे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद का आरोप है कि नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहन बेधड़क सड़कों पर प्रवेश कर रहे हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो स्थानीय लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।






