Accident News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरा। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी भी युवक से टकरा गई। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।
सीएसईबी चौक के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात सीएसईबी चौक के पास की है। बताया जा रहा है कि डिवाइडर से मुड़ रही एक कार के बोनट से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। हादसे के दौरान बाइक की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है।
स्कूटी सवार दो महिलाएं भी हुईं हादसे का शिकार
बाइक सवार युवक के दूसरी लेन में गिरते ही वहां से गुजर रही एक स्कूटी उससे टकरा गई। स्कूटी पर दो महिलाएं सवार थीं। टक्कर के कारण दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं और उन्हें हल्की चोटें आईं। हालांकि, स्कूटी की गति कम होने के कारण उन्हें गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ।सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
हादसे की पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार से टकराने के बाद बाइक सवार युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करता है और दूसरी लेन में गिर जाता है। इसके कुछ ही पल बाद स्कूटी भी युवक से टकरा जाती है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, सड़क से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







