जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला मेन रोड पर एक अगस्त की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में दो महिलाओं की मौत और एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अधिकारी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में उन्हें जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, पंडरिया के शिक्षक नगर की रहने वाली किरण बंसोर (जो शादी-विवाह के आयोजनों में काम करती थीं) 1 अगस्त को अपने साथियों के साथ काम के सिलसिले में ग्राम हरदी गई थीं।
सड़क किनारे बाइक को मारी टक्कर
देर रात काम निपटाकर वे अपने साथी विकेश साहू और अंजली के साथ बाइक से वापस लौट रही थीं। सफर के दौरान बरेला मुख्य मार्ग पर अचानक एक गाय सामने आ गई, जिसे बचाने के लिए विकेश ने अपनी बाइक को सड़क किनारे रोक दिया। तभी मुंगेली की तरफ से बिलासपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे का असर: टक्कर इतनी भीषण थी कि किरण और अंजली की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल की स्थिति: बाइक चला रहा विकेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज फिलहाल सिम्स (CIMS) में जारी है।
सीएमओ कार लेकर मौके से फरार
मामले में छानबीन के दौरान सामने आया है कि घटना की रात मुंगेली जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन का कार्यक्रम था। तखतपुर सीएमओ अमरेश सिंह इसी पार्टी में शामिल होने आए थे और वहां से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। टक्कर मारने के बाद सीएमओ अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए थे। हालांकि, अगले ही दिन जरहागांव पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया था।
गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने तफ्तीश आगे बढ़ाते हुए वाहन और साक्ष्यों के आधार पर तखतपुर सीएमओ अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद जज के आदेश पर उन्हें सीधे जेल भेज दिया गया है।