Forest Department Action: लोरमी वन परिक्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। भारतपुर परिसर के आरक्षित वन क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किए जाने की सूचना पर पहुंची टीम ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली जब्त की। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान चालक ने महिला वन अधिकारियों और कर्मचारियों को वाहन से कुचलने की कोशिश की।
वन विभाग के मुताबिक, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारतपुर परिसर के कक्ष क्रमांक 556 आरएफ के पास कन्हैया नाला बांध के नजदीक आरक्षित वन क्षेत्र से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। रेत का व्यावसायिक इस्तेमाल करने के उद्देश्य से उसका परिवहन भी किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
सूचना मिलने के बाद मुंगेली वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक के निर्देश पर लोरमी उपवनमंडलाधिकारी दशरथ प्रकाश सूर्यवंशी और वन परिक्षेत्र अधिकारी जुही वर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां रेत से भरी नीले रंग की दो पहियों वाली ट्राली के साथ ट्रैक्टर मिला, जिसे टीम ने रोकने की कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर चालक रमेश यादव, निवासी ग्राम चेचानडीह, थाना लोरमी से रेत के उत्खनन और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे। विभाग के अनुसार, चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। इसी दौरान उस पर महिला वन अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास करने का आरोप लगा।
वन अमले को कुचलने की कोशिश का आरोप
कार्रवाई के दौरान चालक द्वारा खतरनाक तरीके से ट्रैक्टर चलाकर वन विभाग की टीम को कुचलने का प्रयास किए जाने का आरोप है। स्थिति को देखते हुए टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया। अवैध उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन तसले और दो फावड़े भी जब्त किए गए। जब्त वाहन और रेत को उच्च तकनीकी केंद्रीय रोपणी, तुलसाघाट पहुंचाया गया। वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान वनपाल मनोहर लाल यादव, वनपाल राजेश पाटले, वनरक्षक आशा यादव, शंकर जोशी, ललित बंजारे, प्रदीप ढीमर, सुरक्षा श्रमिक सुरेश यादव और टुकेश्वर राठौर सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद थे। मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे।जब्त वाहन को राजसात करने की तैयारी
वन विभाग ने जब्त ट्रैक्टर-ट्राली और वन उपज के मामले में राजसात की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए प्रकरण कार्यालय के प्राधिकृत अधिकारी एवं लोरमी उपवनमंडलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।







