CG Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पारिवारिक रिश्ते को शर्मसार करने वाली हिंसक घटना सामने आई है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने ही जीजा पर हथौड़े और ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पीड़ित को दांतों से भी काटकर घायल कर दिया। हमले में जीजा के हाथ, चेहरे, ठुड्डी और गले में चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, सीपत क्षेत्र के ग्राम मड़ई भाठापारा निवासी सुरेश कुमार सोनझरी मकान निर्माण का ठेका लेकर काम कर रहे हैं। 26 नवंबर को वे निर्माण सामग्री गिरवाने के सिलसिले में ग्राम खम्हरिया स्थित मनोज किराना दुकान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे उनका साला सुंदर लाल सोनझरी वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा।
हथौड़े के बाद ब्लेड से किया हमला
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुंदर लाल ने हथौड़े से सुरेश के हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड निकालकर उनके चेहरे, ठुड्डी और गले पर हमला कर दिया। सुरेश ने बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उनके हाथ की उंगलियों और बाईं कोहनी के पास दांतों से काट लिया।
बोलने की स्थिति में नहीं था घायल
हमले में लहूलुहान सुरेश किसी तरह अपने घर पहुंचे। परिजन उन्हें मोटरसाइकिल से बलौदा अस्पताल लेकर गए, जहां उनका इलाज कराया गया। चोटों की गंभीरता के चलते सुरेश बोलने की स्थिति में भी नहीं थे। इसके बाद उनके भाई राकेश कुमार सोनझरी ने 27 नवंबर को सीपत थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी सुंदर लाल सोनझरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 118(1), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।












